MP Board Class 6 Social Science Civics Solution Chapter 4 : लोकतांत्रिक सरकार के मुख्य तत्त्व

म.प्र. बोर्ड कक्षा  संपूर्ण हल- नागरिकशास्त्र – सामाजिक एवं राजनैतिक जीवन 1 (Civics: Social & Political Life – I )

इकाई 2 : सरकार

पाठ 4 : लोकतांत्रिक सरकार के मुख्य तत्त्व

प्रश्न – अभ्यास (पाठ्यपुस्तक से)

महत्वपूर्ण बिन्दु  :

  • भारत में किसी भी सरकार को पाँच साल के लिए चुना जाता है।
  • अफ्रीकी राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता ‘नेल्सन मण्डेला’ ने रंगभेद नीति के खिलाफ संघर्ष करके इससे मुक्ति दिलाई।
  • लोकतान्त्रिक शासन व्यवस्था में मतदान का अधिकार सर्वाधिक महत्वपूर्ण होता है।
  • अस्पृश्यता (छुआछूत) की प्रथा का अन्त कर उस पर कानूनी रोक लगा दी गयी है।
  • सरकार एक व्यवस्था है जिसे बहुमत दल का नेता तैयार करता है।

महत्वपूर्ण शब्द

जुलूस – लोगों का विशाल समूह जो विरोध या उल्लास प्रदर्शित करने के लिए निकलता है।

भागीदारी – दो या दो से अधिक लोगों के साझेदार होने की अवस्था या भाव।

जूलू – अफ्रीकी लोगों द्वारा बोली जाने वाली भाषा।

पाठान्तर्गत प्रश्नोत्तर

पृष्ठ संख्या #414

प्रश्न 1. अश्वेत लोग किस-किस तरह से भेदभाव का सामना कर रहे थे, इसकी सूची बनाइए।

उत्तर – अश्वेत लोग निम्नलिखित तरह से भेदभाव का सामना कर रहे थे

(1) विभिन्न प्रजातियों के लोगों को एक-दूसरे से सम्बन्ध बनाने की इजाजत नहीं थी।

(2) अश्वेत लोग आम सुविधाओं का इस्तेमाल नहीं कर सकते थे।

(3) अश्वेत लोगों के अस्पताल अलग थे जिनमें कोई सुविधा नहीं होती थी।

(4) अश्वेत लोगों के लिए अलग बसें थी।

(5) बस स्टैण्ड भी अलग थे।

(6) अश्वेत लोगों को वोट देने की इजाजत नहीं थी।

(7) अश्वेत लोगों को खेती के लिए घटिया जमीन मिली थी।

प्रश्न 2. हेक्टर और उसके साथी किस बात के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे ?

उत्तर – हेक्टर और उसके साथी ‘अफ्रीकन्स’ सीखने का विरोध कर रहे थे। वे अपनी भाषा ‘जूलू’ सीखना चाहते थे।

प्रश्न 3. क्या सभी लोगों के साथ बराबरी का व्यवहार होना जरूरी है ? क्यों?

उत्तर– जी हाँ, सभी लोगों के साथ बराबरी का व्यवहार होना जरूरी है, क्योंकि प्रकृति ने सभी को बराबर बनाया है। त्वचा का रंग, जाति, धर्म, भाषा. आदि के आधार पर उनके अधिकारों को छीनना गलत है, अन्याय है।

प्रश्न 4. कुछ अखबार देखिए और उनमें दी गई चुनाव की खबरों पर चर्चा कीजिए। एक निर्धारित समय के बाद चुनाव होते रहने की क्या जरूरत है ?

उत्तर – अखबार में चुनाव की खबरों पर चर्चा-समस्त राजनीतिक दलों के लिए चुनाव का समय जनता की ताकत को महसूस करने का होता है जिसमें सभी राजनीतिक दल अपने-अपने कर्तव्यों का पालन करके जनता के हितों को ध्यान में रखकर जनता का समर्थन प्राप्त करते हैं। सभी सरकारों को एक निश्चित समय के लिए चुना जाता है। भारत में यह अवधि 5 वर्ष की है। एक बार चुने जाने के बाद सरकार पाँच वर्ष तक कार्य करती है

पृष्ठ संख्या # 42

प्रश्न 5. यहाँ किस पर सहमति या असहमति प्रकट की जा रही है ?

उत्तर – सहमति

(1) बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा देना।

(2) पानी की समस्या का व्यंगात्मक तरीके से समझाना, सरकार का ध्यान समस्या की ओर खींचना।

असहमति –

(1) दीवारों पर पोस्टर चिपकाने पर।

(2) बाघों के शिकार पर।  

पृष्ठ संख्या #44

प्रश्न 6. माया की कहानी को दोबारा पढ़िए। क्या आपको लगता है कि पुलिस द्वारा की गयी हेक्टर की हत्या को रोका जा सकता था ? कैसे?

उत्तर – जी हाँ, हेक्टर की हत्या को रोका जा सकता था।

पुलिस को विरोध करने वाले लोगों पर गोलियाँ नहीं चलानी चाहिए थी। पुलिस को समझा-बुझाकर आन्दोलनकारियों को समझाना चाहिए और आन्दोलनकारियों की माँग पर सहानुभूति से विचार करना चाहिए था, तो हेक्टर को गोली नहीं लगती और वह बच जाता।  

पृष्ठ संख्या # 45

प्रश्न 7. माया की कहानी में सरकार ने क्या इस विचार का समर्थन किया था कि सभी लोग बराबर हैं ? डॉ. अम्बेडकर की कहानी में क्या अस्पृश्यता के व्यवहार से समानता के विचार को ठेस पहुँची ?

उत्तर – माया की कहानी में सरकार ने इस विचार का समर्थन नहीं किया कि सभी लोग बराबर हैं और न ही डॉ. अम्बेडकर की कहानी में समानता का व्यवहार किया गया। दोनों ही कहानी में न्याय और समानता पर ध्यान न देकर असमानता का समर्थन किया गया जिससे समानता के विचार को ठेस पहुंची।

पृष्ठ संख्या # 46

प्रश्न 8. आपके अनुसार फीस घटा देने से लड़कियों को स्कूल जाने में कैसे मदद मिलेगी ?

उत्तर – हमारे समाज में यह आम प्रवृति है कि लोग लड़कों की देखभाल लड़की से ज्यादा करते हैं। समाज लड़कियों को उतना महत्व नहीं देता जितना लड़कों को देता है। इसे दूर करने के लिए सरकार ने कुछ विशेष प्रावधान किये हैं जिससे लड़कियाँ अपने साथ होने वाले अन्याय से छुटकारा पा सकेंगी। सरकारी स्कूल और कॉलेजों में लड़कियों की फीस घटा देने से लड़कियाँ अच्छी और उच्च शिक्षा ग्रहण कर सकेंगी और अभिभावक जो लड़कियाँ की पढ़ाई पर खर्च नहीं करना चाहते वह फीस न होने पर उन्हें स्कूल भेजने को राजी हो जाएँगे।

प्रश्न 9. क्या आपने किसी के साथ कोई भेदभाव होते देखा है ? उदाहरण देकर बताइए कि

(1) इस स्थिति में आपने उसकी क्या मदद की ?

(2) क्या अन्य लोग भी आपसे सहमत थे ?

(3) जो लोग भेदभाव कर रहे थे उन्हें आपने कैसे – समझाया?

उत्तर – हमारे समाज में पुरुष व महिलाओं के बीच भारी असमानता है। महिलाओं को भेदभाव का सामना करना पड़ता है। सरकार ने इसके लिए सख्त कानून तो बनाये हैं, लेकिन वह पर्याप्त नहीं हैं। महिलाओं की सुरक्षा आज की तारीख में गम्भीर मुद्दा है।  

  • स्कूल व कॉलेजों के पास असामाजिक तत्व मंडराते रहते हैं लड़कियों के बाहर निकलने पर छींटाकशी कीजाती है।
  • ऐसी स्थिति में महिलाओं को आत्म सुरक्षा का प्रशिक्षण देकर उनका हौसला बढ़ाना चाहिए तथा इस तरह के असामाजिक तत्वों को कानून के माध्यम से दण्ड का विधान समझाना चाहिए।
  • सही कार्य के समर्थन में सभी सहमत होंगे।
  • जो लोग लड़के-लड़कियों में भेदभाव करते हैं उन्हें समझाया जाये कि प्रकृति ने सभी प्राणियों को समान बनाया है। लड़कियाँ भी आज किसी क्षेत्र में कम नहीं, उन्हें बस एक अवसर की तलाश है। अतः हमें उनके साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करना चाहिए।

पाठान्त प्रश्नोत्तर

अभ्यास

प्रश्न 1. आज दक्षिण अफ्रीका में माया का जीवन कैसा होगा?

उत्तर – दक्षिण अफ्रीका आज एक लोकतान्त्रिक देश है। अब वहाँ रंगभेद की नीति खत्म हो चुकी है। सभी प्रजातियों के लोगों को एक बराबर माना जाता है। इसलिए माया आज वहाँ बराबरी का सामाजिक जीवन जी सकेगी। अब उसे दूसरे दर्जे की नागरिकता वाला अपमान नहीं सहना पड़ेगा।

प्रश्न 2. किन विभिन्न तरीकों से लोग सरकार की प्रक्रियाओं में भाग लेते हैं ?

उत्तर-लोग सरकार की प्रक्रियाओं में विभिन्न तरीकों से भाग लेते हैं, जो निम्नलिखित हैं

(1) चुनाव में अपना मतदान देकर।

(2) धरने, जुलूस, हड़ताल, हस्ताक्षर अभियान द्वारा सरकार की गलत नीतियों का विरोध करके।

(3) अखबार, पत्रिकाओं एवं टेलीविजन पर सरकार की जिम्मेदारियाँ पर चर्चा करके।

(4) सोशल मीडिया पर अपने विचार व्यक्त करके।

प्रश्न 3. विभिन्न विवादों और मुद्दों को सुलझाने के लिए सरकार की जरूरत क्यों होती है ?

उत्तर – विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों, क्षेत्रों और आर्थिक पृष्ठभूमि के लोग जब कभी आपस में तालमेल नहीं बैठा पाते हैं तो उनमें विवाद उत्पन्न होता है। इन विवादों को खत्म करने के लिए लोग हिंसात्मक तरीकों को अपनाते हैं। इससे हिंसा भड़कने का खतरा रहता है जिससे अन्य लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा होती है। सरकार, खासकर पुलिस ऐसे मौकों पर बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पुलिस की जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करने की होती है कि आपस में टकराव की स्थिति पैदा न हो, हिंसा न भड़के। वह सभी पक्षों को एक जगह बैठा कर बात करवाती है ताकि विवाद का समाधान निकल सके। इस तरह की बहुत सारी समस्याएँ है जिसका निपटारा सरकार अच्छी तरह से करती है।

प्रश्न 4. सभी लोगों के साथ समानता का व्यवहार हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए सरकार क्या कदम उठाती है ?

उत्तर-सभी लोगों के साथ समानता का व्यवहार हो इसे सुनिश्चित करने के लिए सरकार निम्नलिखित कदम उठाती है

(1) न्याय एवं समानता को लागू करना।

(2) संविधान में सभी लोगों को बराबरी का दर्जा दिया गया | है, भेदभाव हटाने के लिए कानूनी प्रावधान किये गये हैं।

(3) समाज के पिछड़े वर्ग के लिए शिक्षा एवं नौकरियों में आरक्षण दिया गया है।

(4) अस्पृश्यता का अन्त कर अब इस पर कानूनी प्रतिबन्ध लगा दिये गये हैं।

(5) लड़कों और लड़कियों की असमानता खत्म करने के लिए लड़कियों की स्कूल व कॉलेजों की फीस खत्म करने का भी प्रावधान किया गया है।

प्रश्न 5. पाठ को एक बार और पढ़कर लोकतान्त्रिक सरकार के मुख्य तत्वों की एक सूची बनाइए। उदाहरण के लिए, सभी लोग बराबर हैं।

उत्तर -लोकतान्त्रिक सरकार के मुख्य तत्वों की सूची निम्नलिखित है

(1) समानता तथा न्याय,

(2) सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार,

(3) स्वतन्त्रता का अधिकार,

(4) अवसर की समानता,

(5) सभी लोगों को अपनी भाषा, संस्कृति तथा धर्म का पालन करने एवं उसका विकास करने का अधिकार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *